scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशनड्डा ने विस चुनावों से पहले मध्य प्रदेश में पार्टी संगठन के बेहतर विस्तार पर जोर दिया

नड्डा ने विस चुनावों से पहले मध्य प्रदेश में पार्टी संगठन के बेहतर विस्तार पर जोर दिया

Text Size:

इंदौर, आठ मार्च (भाषा) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा ने मध्यप्रदेश में वर्ष 2023 के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस रही सत्तारूढ़ पार्टी के राज्य नेतृत्व के साथ मंगलवार को इंदौर में अलग-अलग बैठकें कीं और पार्टी संगठन के बेहतर विस्तार पर जोर दिया।

सूबे के एक दिवसीय दौरे के आखिर में नड्डा ने भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों तथा मोर्चा अध्यक्षों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने भाजपा की राज्यस्तरीय कोर कमेटी के साथ भी बैठक की।

कुल ढाई घंटे चलीं इन बैठकों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा के साथ ही केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा संगठन में राज्य के प्रभारी पी. मुरलीधर राव, राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठकों के बाद राज्य की भाजपा इकाई के महासचिव भगवानदास सबनानी ने संवाददाताओं को बताया,‘‘नड्डा ने राज्य में भाजपा के बूथ विस्तारक अभियान को सराहा और पार्टी संगठन के बेहतर विस्तार के वास्ते आगामी कार्यक्रमों के लिए हमारा मार्गदर्शन किया।’’

गौरतलब है कि नड्डा ने ऐसे वक्त मध्यप्रदेश का दौरा किया, जब मार्च 2020 में कमलनाथ सरकार के पतन के बाद सूबे की सत्ता में लौटी भाजपा की निगाहें आगामी विधानसभा चुनावों पर टिक गई हैं। इन चुनावों में भाजपा के मुख्य चेहरे को लेकर भी अटकलें तेज हो रही हैं।

भाषा हर्ष शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments