मुंबई, 13 मार्च (भाषा) एअर इंडिया के एक विमान में धूम्रपान करने और चालक दल के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपी 34 वर्षीय अमेरिकी नागरिक को यहां की एक अदालत ने सोमवार को जमानत दे दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि 10 मार्च को लंदन-मुंबई की उड़ान एआई130 का एक यात्री शौचालय में धूम्रपान करता पाया गया। उन्होंने बताया कि चालक दल के सदस्यों द्वारा आरोपी यात्री को चेतावनी देने और हाथ से सिगरेट लेकर फेंक देने के बाद उसने कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
अधिकारी ने बताया कि विमान के मुबंई में उतरने के बाद एयरलाइन के अधिकारियों ने आरोपी यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया।
सहार थाने के अधिकारी ने कहा, ‘‘अमेरिकी पासपोर्ट धारक भारतीय मूल के आरोपी को अंधेरी की एक अदालत के समक्ष पेश किया गया और उसे 20,000 रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी गई।’’
भाषा शफीक अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
