scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशअरुणाचल, मेघालय और मिजोरम में बहु-राज्य भूकंप मॉक ड्रिल आयोजित की गई

अरुणाचल, मेघालय और मिजोरम में बहु-राज्य भूकंप मॉक ड्रिल आयोजित की गई

Text Size:

इटानगर, नौ फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से सोमवार को अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और मिजोरम में भूकंप तैयारियों पर एक बहु-राज्य मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसका मकसद आपदा प्रतिक्रिया समन्वय को बढ़ाने और तैयारियों की कमियों की पहचान करना था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि अरुणाचल प्रदेश में राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने बहु-राज्य भूकंप परिदृश्य के आधार पर ईटानगर में एक अभ्यास का आयोजन किया।

इस अभ्यास का उद्देश्य जागरूकता पैदा करना, विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करना और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए तत्परता का आकलन करना था।

एनडीएमए के वरिष्ठ सलाहकार नदीम अरशद ने कहा कि आपदाएं मानव निर्मित सीमाओं को नहीं पहचानती हैं और इस तरह के अभ्यास आपदा लचीलापन, अंतर-राज्य सहयोग और प्रभावी प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने में मदद करते हैं।

उन्होंने स्थानीय स्तर पर प्रतिक्रिया प्रयासों का नेतृत्व करने के लिए राज्य और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

अरशद ने यह भी रेखांकित किया कि इस तरह के अभ्यास के दौरान मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का उपयोग अनिवार्य है।

नियमित तैयारी गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के सचिव दानी सालू ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश प्रतिक्रिया, गतिशीलता और अंतर-विभागीय समन्वय में सुधार के लिए समय-समय पर मॉक अभ्यास आयोजित करता रहा है।

उन्होंने व्यापक भागीदारी के लिए समुदाय-आधारित संगठनों (सीबीओ), पंचायती राज संस्थानों (पीआरआई) और गैर सरकारी संगठनों की भागीदारी पर भी जोर दिया।

राज्य के चार जिलों में मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

पश्चिम कामेंग, पक्के-केसांग, पापुम पारे और ईटानगर राजधानी क्षेत्र के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों (डीडीएमओ) ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) सहित प्रमुख विभागों और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल रूप से बैठक में भाग लिया।

भाषा तान्या नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments