scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशमप्र : पंप ठीक करने के लिये कुएं में उतरे दो भाइयों की मौत

मप्र : पंप ठीक करने के लिये कुएं में उतरे दो भाइयों की मौत

Text Size:

शहडोल (मप्र), 20 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी थानांतर्गत एक गांव में सोमवार को कुएं में लगे मोटर पम्प को ठीक करने के लिये उतरे दो भाईयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

ब्यौहारी पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद समीर ने बताया कि मऊ गांव के रहने वाले ददन गोस्वामी (32) घर के कुएं में लगे मोटर पंप के बिगड़ जाने पर उसे सुधारने के लिये दोपहर में कुएं के अंदर उतरा था, और उसका बड़ा भाई चंद्र प्रकाश गोस्वामी उर्फ लल्लू (45) कुएं के ऊपर खड़ा था।

उन्होंने कहा कि कि ददन अचानक पानी के नीचे गिरकर छटपटाने लगा, जिसे देखकर चंद्र प्रकाश भी कुएं में उतरा, लेकिन वह भी पानी में डूब गया।

समीर ने बताया कि दोनों भाइयों को कुयें में गिरता देख परिवार के अन्य लोगों ने हल्ला मचाया और उसके बाद पुलिस को सूचना दी। लेकिन जब तक पुलिस वहां पहुंचती या अन्य लोग निकालने का कुछ प्रयास करते, तब तक दोनों नीचे पानी में डूब चुके थे।

उन्होंने कहा कि दोनों मृतकों के शव कुएं में ही पानी में डूबे हुए हैं और शवों को कुएं से बाहर निकालने के लिए होमगार्ड की बचाव टीम को शहडोल से बुलाया गया है, बचाव टीम के आने के बाद ही दोनों शव बाहर निकाले जा सकेंगे।

समीर ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों की मृत्यु मोटर पंप में करंट आ जाने से हुई है या किसी अन्य कारण से उनकी मौत हुई है।

भाषा सं रावत रावत रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments