scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशमप्र: नागपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतरी, कोई हताहत नहीं

मप्र: नागपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतरी, कोई हताहत नहीं

Text Size:

सिवनी, 13 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में शुक्रवार को शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का एक डिब्बा पटरी से उतर गया हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के नैनपुर-छिंदवाड़ा-नागपुर खंड पर खैरंजी-गंगाटोला के पास ट्रेन (11202) का सबसे पिछला डिब्बा पटरी से उतरते ही लोको पायलट ने ब्रेक लगा दिये, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 12 बजे उस समय हुई, जब मध्यप्रदेश के शहडोल से महाराष्ट्र के नागपुर जा रही ट्रेन की एक बोगी के पहिए पटरियों से उतर गए।

अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के पटरी से उतरने का पता चलने पर लोको पायलट ने आपात ब्रेक लगाए और ट्रेन को रोक दिया, जिससे कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हो सकी।

उन्होंने बताया कि रेलवे के अधिकारी दुर्घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे, साथ ही रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गई।

पटरी से उतरे कोच को बाद में ट्रेन से अलग कर दिया गया और शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस ने अपराह्न करीब ढाई बजे अपनी यात्रा फिर से शुरू की।

नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता और संभागीय सुरक्षा आयुक्त दीपचंद आर्य मौके पर पहुंचे तथा ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों की जांच शुरू की।

गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हो सकता है कि पटरियों के गलत संरेखण के कारण डिब्बा पटरी से उतर गया हो।

उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।

रेलवे कर्मचारियों ने पटरियों को साफ कर दिया और ट्रेन सेवाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।

भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments