scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशमप्र: मेफेड्रोन के कारखाने का खुलासा, 15 लोग गिरफ्तार

मप्र: मेफेड्रोन के कारखाने का खुलासा, 15 लोग गिरफ्तार

Text Size:

रतलाम, 16 जनवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में पुलिस ने नशीला पदार्थ मेफेड्रोन (एमडी) बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ करते हुए शुक्रवार को 15 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर चिकलाना गांव में दिलावर लाला (50) के घर छापा मारा गया और वहां मादक पदार्थ एमडी बनाने के अवैध कारखाने का पर्दाफाश किया गया।

उन्होंने बताया कि लाला समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनमें उसके परिजन और कर्मचारी शामिल हैं।

कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में 16 साल के लड़के को हिरासत में लिया है।

उन्होंने बताया कि मौके से 10.93 किलोग्राम एमडी मिला है जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस को मौके से एक फौजी का फर्जी पहचान पत्र और पुलिस की वर्दी भी मिली है।

कुमार ने बताया, ‘‘मुख्य आरोपी दिलावर लाला के घर की तलाशी में 12 बोर की दो अवैध बंदूकें और 91 कारतूस बरामद किए गए। उसके घर में राष्ट्रीय पक्षी मोर को अवैध रूप से पालतू बनाकर रखा गया था। इस घर से दो मोरों को बचाया गया है।’’

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके से चंदन की कीमती लकड़ी के साथ ही दो चारपहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों पर संबद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और विस्तृत जांच की जा रही है।

मेफेड्रोन को ‘एमडी’ और ‘म्याऊं-म्याऊं’ के नाम से भी जाना जाता है। यह मानव निर्मित रसायनों से बना नशीला पदार्थ है और बड़ी तादाद में युवा इसकी लत के शिकार हैं।

भाषा सं. हर्ष खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments