बालाघाट, 20 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश पुलिस के एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने करीब 21 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल, एक पिकअप वाहन और 10 मोबाइल फोन जब्त किए।
पुलिस ने पांच अप्रैल को गांजे की तस्करी में शामिल तीन संदिग्धों को पकड़ा था और उनसे पूछताछ के बाद इस गिरोह पर ध्यान केंद्रित किया।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बिंदुसर सिंह ने संवाददाताओं को बताया, “पूछताछ के दौरान उनके अंतरराज्यीय संपर्क का पता चलने पर पुलिस ने एक एसआईटी का गठन किया।”
उन्होंने बताया कि यह तस्करी करने वाला गिरोह मध्यप्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान और गुजरात में फैला हुआ था।
अधिकारी ने बताया कि एसआईटी की टीमों ने ओडिशा के बालाघाट और राजस्थान के उदयपुर से छह आरोपियों को पकड़ने के लिए करीब 25,000 किलोमीटर की यात्रा की।
सिंह ने बताया कि इन आरोपियों की पहचान बालाघाट निवासी राज उर्फ आशुतोष पारधी (38), विजय उर्फ विजया (30), कैलाश चंद्र खमारी (38), बुल्ला उर्फ वीरभद्रा (25), जग्गा उर्फ जगदीश (38) और उदयपुर निवासी तेजशंकर पाटीदार (37) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना अभी भी फरार है हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि अधिकारी वर्तमान में आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनके गिरोह से और कितने लोग जुड़े हैं।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.