इंदौर, 24 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के देवास जिले में ग्रामीणों ने ‘जहरीली शराब’ पीने के कारण कम से कम 10 लोगों की मौत का दावा किया है जिसे प्रशासन ने ‘असत्य और भ्रामक’ बताकर खारिज किया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि चंदाना गांव में दर्ज हुई मौतें जहरीली शराब के कारण नहीं, बल्कि वृद्धावस्थाजनित कारणों, सामान्य बीमारियों, ब्रेन हेमरेज और ‘शराब के अत्यधिक सेवन’ की लत से हुई हैं।
ग्रामीणों का दावा है कि 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच जहरीली शराब पीने के बाद कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है।
पूर्व सरपंच सुनील पटेल ने शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि चंदाना गांव में जहरीली शराब पीने के कारण लोगों की मौत हुई और दम तोड़ने से पहले उनमें उल्टी, चक्कर आने और मुंह से झाग निकलने जैसे लक्षण दिखाई दिए।
पटेल ने दावा किया कि शराब पीने के बाद तीन लोगों की आंखों की रोशनी चली गई जिनमें से दो मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
उन्होंने कहा,‘‘अभी हम यह नहीं बोल सकते कि लाइसेंसी ठेके से जहरीली शराब बेची गई, लेकिन गांवों में अवैध तौर पर बेची जाने वाली शराब जहरीली या नकली हो सकती है।’’
उधर, जिला प्रशासन ने जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत की खबरों को असत्य और भ्रामक करार दिया है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान के मुताबिक एक से 15 अक्टूबर के बीच चंदाना गांव में कुल 10 लोगों की मौतें दर्ज हुईं और इनमें से किसी भी ग्रामीण की मौत जहरीली शराब से नहीं हुई।
बयान में कहा गया है कि जांच के दौरान जब्त शराब लाइसेंसी दुकानों की थी तथा रासायनिक परीक्षण और पोस्टमार्टम में किसी भी तरह के जहर की पुष्टि नहीं हुई।
इसमें यह भी कहा कि जिले या आसपास के किसी स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल में जहरीली शराब के सेवन, दृष्टि दोष या विषाक्तता से संबंधित कोई मरीज भर्ती नहीं हुआ है।
बयान के मुताबिक तेजुबाई और सुखबाई (दोनों की उम्र 70 वर्ष से अधिक थी) की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई, जबकि लखन सिंह, बालू सिंह और मोहन जारोला (तीनों की उम्र 65 वर्ष से अधिक थी) की मौत सामान्य स्वास्थ्यगत कारणों और वृद्धावस्था के चलते हुई।
इसके अनुसार, सुनील चौधरी की मृत्यु नेमावर में ब्रेन हेमरेज के कारण हुई, जबकि दिलीप और राहुल की मौत खेत में काम करते समय ‘आकस्मिक कारणों’ से हुई।
बयान में कहा गया कि ओमप्रकाश (35) और भीमा (60) पहले से अस्वस्थ थे और मजदूरी करने वाले दोनों व्यक्तियों की मृत्यु पुरानी बीमारियों तथा अत्यधिक शराब पीने की लत के कारण स्वास्थ्य बिगड़ने से हुई।
भाषा हर्ष रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.