बैतूल (मप्र), चार जनवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में 12 साल की लड़की के साथ बलात्कार के आरोपी ने घटना के एक दिन बाद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बैतूल जिले की पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद ने बताया कि आरोपी रमेश गुलहाने (58) की तलाश के लिए पुलिस ने पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया था साथ ही साइबर प्रकोष्ठ की एवं अन्य तकनीकी सहायता ली जा रही थी।
उन्होंने कहा, ‘‘ गुलहाने ने मंगलवार शाम पुलिस नियंत्रण कक्ष पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।’’
गौरतलब है बैतूल शहर के कोतवाली थानांतर्गत एक इलाके में 12 साल की लड़की के साथ सोमवार शाम को कथित तौर पर बलात्कार किया गया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी गुलहाने के घर के बाहर उसकी एक कार एवं एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया था।
इसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए उसे हल्का बल प्रयोग करना पड़ा था।
आरोपी स्थानीय नगर निकाय का पूर्व सदस्य है।
लड़की ने अपने परिजन को घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसके परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस थाने में गुलहाने के खिलाफ भादंसं की धारा 376 और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
भाषा सं रावत शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
