धर्मशाला, 10 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को कहा कि जल जीवन मिशन के तहत कांगड़ा जिले में पानी की उपलब्धता और आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कुल 1,067 करोड़ रुपये की लागत वाली 227 परियोजनाएं चल रही हैं।
उन्होंने ज्वालामुखी में कांगड़ा जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की, इस दौरान उन्होंने यहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मुलाकात की और जनहित में काम करने के महत्व पर जोर दिया।
एक बयान के अनुसार, अग्निहोत्री ने कांगड़ा जिले में केंद्र के जल जीवन मिशन की प्रगति संबंधी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में पानी की उपलब्धता और आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 1,067 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली 227 परियोजनाएं चल रही है।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश को हरित राज्य बनाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए आदर्श राज्य’ बनाना लक्ष्य है।
उप मुख्यमंत्री ने निजी और सरकारी दोनों क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक वाहनों के चरणबद्ध प्रचार का भी उल्लेख किया।
भाषा
साजन धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.