scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशमिजोरम: डंपा विधानसभा उपचुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों में होगा मुकाबला

मिजोरम: डंपा विधानसभा उपचुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों में होगा मुकाबला

Text Size:

आइजोल, 24 अक्टूबर (भाषा) मिजोरम के मामित जिले की डंपा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। एक चुनाव अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मिजोरम के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) डॉ. लालरोजामा ने ‘पीटीआई-भाषा‘ को बताया कि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख शुक्रवार को पांचों राजनीतिक दलों के किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र वापस नहीं लिया।

सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने मिजो गायक और उपदेशक वनलालसैलोवा को, मुख्य विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. आर. लालथंगलियाना को और कांग्रेस ने पार्टी उपाध्यक्ष और पूर्व परिवहन मंत्री जॉन रोटलुआंगलियाना को मैदान में उतारा है।

भाजपा ने हाल ही में भगवा पार्टी में शामिल हुए लालमिंगथांगा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री ब्रिगेडियर टी. सैलो की पार्टी (पीपुल्स कॉन्फ्रेंस) ने अपने उपाध्यक्ष के. ज़हमिंगथांगा को मैदान में उतारा है।

एमएनएफ विधायक लालरिन्टलुआंगा सैलो का 21 जुलाई को निधन हो जाने के कारण आवश्यक हुए डंपा उपचुनाव के राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में 2028 में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव तक अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है।

यह इस साल होने वाले लाई स्वायत्त जिला परिषद (एलएडीसी) और आइजोल नगर निगम (एएमसी) चुनाव में जेडपीएम की संभावनाओं के लिए एक अग्निपरीक्षा होगी।

डंपा उपचुनाव एमएनएफ के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि उपचुनाव हारने का मतलब यह होगा कि 40 सदस्यीय विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद का दावा करने के लिहाज से पार्टी की ताकत कम हो जाएगी।

मिजोरम विधानसभा में सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी को नेता प्रतिपक्ष का पद संभालने के लिए कम से कम 10 सदस्यों की आवश्यकता होती है, लेकिन सैलो के निधन के बाद एमएनएफ के पास अब नौ सदस्य हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को 41 मतदान केंद्रों पर होगा और मतों की गिनती 14 नवंबर को होगी। इस सीट के लिए पात्र मतदाताओं की संख्या 20, 790 है जिनमें से 10,185 महिलाएं हैं।

भाषा संतोष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments