देहरादून, 11 मार्च (भाषा) पिछले साल राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड सरकार जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं के और विस्तार में जुट गयी है तथा इस क्रम में राज्य के हर प्रखंड में अब मिनी स्टेडियमों का निर्माण किया जाएगा ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में जारी बजट सत्र के तीसरे दिन विधानसभा को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि हर प्रखंड में मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में प्रावधान किया गया है।
उत्तराखंड ने 2025 में न सिर्फ 38 वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी की थी, बल्कि 103 पदक जीतकर इस स्तर के आयोजन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया था। इस आयोजन ने उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में भी पहचान दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का आधारभूत खेल ढांचा विकसित किया गया था और सरकार ने ‘लेगेसी पॉलिसी’ बनाकर इस खेल ढांचे का इस्तेमाल अकादमी के तौर पर करने का निर्णय लिया है ताकि खेल प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण प्राप्त हो सके । उन्होंने कहा कि इस संबंध में शासन स्तर पर कार्यवाही चल रही है।
मुख्यमंत्री ने यह अहम जानकारी तब दी जब प्रश्नकाल में खेल मंत्री रेखा आर्या पर्वतीय क्षेत्रों में खेल मैदान और मिनी स्टेडियम से संबंधित सवाल का जवाब दे रही थीं ।
आर्या ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्र में मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए 1.18 एकड़ भूमि की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि इसके निर्माण के लिए एक करोड़ 70 लाख रुपये देने का प्रावधान है ।
भाषा दीप्ति राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
