scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशमहबूबा की बेटी इल्तिजा ने 10 साल के लिए नियमित पासपोर्ट जारी करने की मांग की

महबूबा की बेटी इल्तिजा ने 10 साल के लिए नियमित पासपोर्ट जारी करने की मांग की

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

श्रीनगर, 10 अप्रैल (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने सोमवार को यहां क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी को एक पत्र लिखकर उन्हें केवल दो साल के लिए देश विशिष्ट पासपोर्ट जारी करने के फैसले पर सवाल उठाया और उन्हें 10 साल के लिए नियमित पासपोर्ट जारी करने की मांग की।

इल्तिजा ने क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी देविंदर कुमार को लिखे पत्र में कहा, ‘‘पासपोर्ट नियमों के नियम 12 के अनुसार, पासपोर्ट की अवधि 10 साल होनी चाहिए। हालांकि, मेरे मामले में इसे गैरकानूनी तरीके से कम करके दो साल किया गया है। साथ ही पासपोर्ट केवल संयुक्त अरब अमीरात के लिए ही मान्य है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ये दोनों फैसले पासपोर्ट कानून का उल्लंघन करते हुए लिए गए हैं।’’

पिछले सप्ताह इल्तिजा को पुलिस के अपराध जांच विभाग की प्रतिकूल रिपोर्ट के बावजूद विदेश में पढ़ाई करने के लिए दो साल की सीमित अवधि के लिए पासपोर्ट जारी किया गया था।

जम्मू कश्मीर पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने पासपोर्ट जारी करने के खिलाफ प्रतिकूल रिपोर्ट दी थी। इल्तिजा (35) ने पासपोर्ट के लिए अपने आवेदन को मंजूरी नहीं मिलने के बाद फरवरी में जम्मू कश्मीर उच्च न्यायालय का रुख किया था।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को लिखे नए पत्र में इल्तिजा ने कहा कि उन्हें ऐसा आदेश दिए जाने का कोई कारण नहीं बताया गया है।

इल्तिजा ने कहा, ‘‘आपसे अनुरोध है कि अनुमोदन वापस लिया आए और 10 साल की नियमित अवधि के लिए तत्काल पासपोर्ट जारी किया जाए। ऐसा न करना आपके संवैधानिक कर्तव्य और मेरे मौलिक अधिकार का घोर उल्लंघन होगा।’’

भाषा

गोला दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments