scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशमेघालय: मस्जिद परिसर में गोलियां रखने के आरोप में पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज

मेघालय: मस्जिद परिसर में गोलियां रखने के आरोप में पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज

Text Size:

विलियमनगर, 13 मार्च (भाषा) मेघालय के पूर्वी गारो हिल्स जिले के विलियमनगर में पुलिस ने एक मस्जिद परिसर के भीतर किराए के मकान में गोलियां रखने के आरोप में एक पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक एस.ए. रिनजाह के अनुसार, कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि उन्हें विलियमनगर मस्जिद परिसर के अंदर छलावरण (कैमोफ्लाज) वर्दी और चार गोलियां मिली हैं।

उन्होंने बताया कि पूछताछ करने पर पता चला कि जिला कार्यकारी बल (डीईएफ) का एक पुलिसकर्मी मस्जिद परिसर के भीतर किराए के मकान में रह रहा था।

अधिकारी ने बताया, “छुट्टी पर गये पुलिसकर्मी ने अपना निजी सामान किराए के मकान में ही छोड़ दिया था, जिसमें नामपट्टिका वाली वर्दी, बेल्ट, जूते, छलावरण वर्दी और गोला-बारूद की थैली शामिल थी।”

उन्होंने बताया कि सामान की जांच करने पर थैली के अंदर से चार कारतूस बरामद हुए।

रिनजाह ने बताया कि छुट्टी पर जाने से पहले पुलिसकर्मियों को गोला-बारूद पुलिस शस्त्रागार में जमा कराना होता है।

उन्होंने बताया, “गोलियां जब्त कर ली गयी हैं और पुलिसकर्मी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-ए) के तहत विलियमनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है ताकि उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।”

पुलिस ने जनता से घटना के संबंध में गलत सूचना न फैलाने की अपील की। अधिकारी ने बताया, “लोगों से अनुरोध है कि वे दुर्भावनापूर्ण इरादे से सोशल मीडिया मंचों पर झूठी जानकारी अपलोड या प्रसारित न करें। ऐसे कृत्यों को गंभीरता से लिया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments