scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशमेघालय के मुस्लिम मंच ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख गारो हिल्स हिंसा के दौरान मस्जिद पर हमले का आरोप लगाया

मेघालय के मुस्लिम मंच ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख गारो हिल्स हिंसा के दौरान मस्जिद पर हमले का आरोप लगाया

Text Size:

शिलांग, 13 मार्च (भाषा) मेघालय के ‘शिलांग मुस्लिम फोरम’ ने शुक्रवार को पश्चिम गारो हिल्स में हालिया अशांति के दौरान तुरा में एक मस्जिद पर हुए कथित हमले पर चिंता व्यक्त की और मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा से धार्मिक संस्थानों की रक्षा करने की अपील की।

संगमा को लिखे एक पत्र में फोरम ने कहा कि जिले में तनाव के दौरान धार्मिक स्थलों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने तथा हिंसा जैसी घटनाओं की खबरों से वह काफी चिंतित है।

संगठन ने तुरा जामा मस्जिद में कथित तोड़फोड़ और प्रभावित क्षेत्रों में कार्यालयों तथा प्रतिष्ठानों में कथित आगजनी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं ने मेघालय के समुदायों के बीच पीढ़ियों से चली आ रही शांति और सद्भाव को भंग कर दिया है।

तुरा पश्चिम गारो हिल्स जिले का मुख्यालय है।

मंगलवार तड़के पश्चिमी गारो हिल्स के चिबिनांग में पुलिस की गोलीबारी में दो लोग मारे गए। यह घटना गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएसीडी) चुनाव के लिए गैर-गारो उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के प्रयास के विरोध में आदिवासी गारो समुदाय के कुछ वर्गों द्वारा किए गए प्रदर्शनों के दौरान भड़की झड़पों के दौरान हुई।

तुरा और क्षेत्र के अन्य स्थानों पर आगजनी, लोगों पर हमले और भीड़ के इकट्ठा होने की कई घटनाएं सामने आईं, जिनमें पांच जिले शामिल हैं।

मेघालय उच्च न्यायालय ने मंगलवार को जीएचएसीडी चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने के लिये अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र को अनिवार्य बनाने वाली अधिसूचना को रद्द कर दिया, जिसके कारण हिंसा भड़की थी।

इस अधिसूचना में गैर-आदिवासियों को जीएचएडीसी चुनावों में चुनाव लड़ने से रोकने की बात कही गई थी, जो सात दशकों से अधिक समय से जारी प्रथा के विपरीत था।

भाषा

नेत्रपाल प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments