शिलांग, 20 मार्च (भाषा) मेघालय के राज्यपाल सी.एच. विजयशंकर ने असम और मेघालय स्वायत्त जिला (ए.डी.) नियमों पर चर्चा के लिए अगले सप्ताह गारो पर्वतीय स्वायत्त जिला परिषद का विशेष सत्र बुलाया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ये नियम परिषद चुनावों में गैर-आदिवासियों की भागीदारी की अनुमति देते हैं।
यह कदम पिछले सप्ताह गारो पर्वतीय क्षेत्र में हुई हिंसा के बाद उठाया गया है। जिला परिषद कार्य विभाग के आयुक्त और सचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, दो दिवसीय सत्र 23 और 24 मार्च को आयोजित किया जाएगा।
जिला परिषद कार्य विभाग के प्रभारी उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टिनसॉन्ग ने कहा, “परिषद स्वायत्त जिला नियमों में प्रस्तावित संशोधनों पर विचार-विमर्श करेगी, जिसमें चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए पात्रता मानदंड से संबंधित प्रावधान भी शामिल हैं।”
गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य आदिवासी परिषद के लिए उचित नियम बनाना है।
अधिकारी ने बताया, “काफी समय से गैर-आदिवासियों को आदिवासी परिषद चुनाव में खड़ा होने और मतदान करने का विशेषाधिकार प्राप्त रहा है। यह उचित नहीं है और गारो पर्वतीय क्षेत्र में हाल ही में हुई हिंसा इसी मुद्दे से जुड़ी थी।”
राज्य सरकार द्वारा वर्तमान गारो पर्वतीय स्वायत्त जिला परिषद का कार्यकाल छह महीने और बढ़ाने के निर्णय के बाद विशेष सत्र बुलाया गया है।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
