मेरठ (उप्र), 22 मार्च (भाषा) जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर हस्तिनापुर में बुधवार को कुछ लोगों की पिटाई से घायल युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पीड़ित प्रदीप (25) अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम करता था और एक साल पहले उसने युवती से गुपचुप शादी भी कर ली थी। उन्होंने बताया कि शादी के बाद भी युवती अपने परिवार के साथ ही रह रही थी।
हाल में उसके परिवार को उसकी शादी का पता चला। बुधवार को उन्होंने प्रदीप से मामले में पूछताछ की। इस दौरान प्रदीप के साथ उन्होंने कहासुनी और मारपीट की।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनिरुद्ध सिंह ने कहा, ‘‘हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में मंडी के पास प्रदीप नामक युवक पर हमला किया गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।’’ अधिकारी ने बताया कि इस मामले में चार हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भाषा सं जफर सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
