नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के समन्वय से लुटियंस दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर जाम कम करने के लिए एक लक्षित पहल शुरू की है। इस पहल के तहत यातायात प्रवाह और सड़क सुरक्षा में सुधार लाने के लिए कई उपाय किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह कदम बृहस्पतिवार को हुई चर्चा के बाद उठाया गया है, जिस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही को काफी हद तक सुगम बनाने के लिए चिन्हित स्थानों पर रणनीतिक समाधानों का प्रस्ताव दिया था।
इसके बाद यातायात पुलिस और एनडीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई बिंदुओं को अंतिम रूप देने के लिए मुलाकात की, जिसमें भीड़भाड़ और यातायात नियमों के उल्लंघन की संभावना वाले क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सैन मार्टिन मार्ग और जनपथ को ऐसे स्थानों के तौर पर चिन्हित किया गया है जहां गलत दिशा में गाड़ी चलाने के मामले ज्यादा हैं, इसलिए वहां पर ‘सेंट्रल वर्ज’ लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इससे यातायात संबंधी नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने, यातायात जाम कम करने और सड़क सुरक्षा में सुधार करने में मदद मिलेगी।
एक अन्य महत्वपूर्ण कदम के तहत, विभाग एसपी मार्ग पर मौजूदा बस स्टॉप के लिए समर्पित लेन (बस-बे) बनाएगा, जिससे बसें मुख्य सड़क पर यातायात को बाधित किए बिना रुक सकेंगी और व्यस्त मार्ग पर यातायात की सुगम आवाजाही सुनिश्चित होगी।
अधिकारी ने कहा कि बाबा खड़क सिंह मार्ग पर, विशेषकर बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास भीड़ को कम करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारी ने कहा कि ऑटो-रिक्शा के लिए सड़क किनारे अलग जगह बनाई जाएगी, जिससे अव्यवस्थित तरीके से रुकने पर लगने वाले जाम से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त, बाबा खड़क सिंह मार्ग पर ‘नो-पार्किंग’ को सख्ती से लागू किया जाएगा, विशेष रूप से मंगलवार और सप्ताहांत को जब गाड़ियों और लोगों की संख्या बहुत अधिक होती है।
भाषा नोमान नोमान शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.