scorecardresearch
Monday, 14 July, 2025
होमदेशएमसीडी ने तीन उपायुक्त व 22 अतिरिक्त उपायुक्त नियुक्त किए

एमसीडी ने तीन उपायुक्त व 22 अतिरिक्त उपायुक्त नियुक्त किए

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने तीन उपायुक्त (डीसी) और अलग अलग ज़ोन में 22 अतिरिक्त डीसी नियुक्त किए हैं और उन्हें विभाग आवंटित कर दिए हैं।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि निगम कर्मचारियों को व्यवस्थित करने की प्रक्रिया चला रहा है और ये नियुक्ति और विभागों का आवंटन इसी का हिस्सा है। यह प्रक्रिया एक पखवाड़े में पूरी हो सकती है।

अधिकारियों ने बताया कि निगम के केंद्रीय प्रतिष्ठान विभाग ने 24 मई को नियुक्तियों के संबंध में एक आदेश जारी किया था। बता दें कि दिल्ली की तीनों निगमों को हाल में एक कर दिया गया है।

आदेश के मुताबिक, राजेश गोयल को सिटी-एसपी ज़ोन का डीसी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वह करोल बाग, रोहिणी, केशव पुरम, सिविल लाइंस, सिटी-एसपी और नरेला ज़ोन के लिए डीसी (भूमि और संपदा) भी होंगे।

संजीव कुमार मिश्रा को डीसी (श्रम) नियुक्त दिया गया है और उन्हें शाहदरा (दक्षिण और उत्तर) जोन के लिए डीसी (फैक्ट्री लाइसेंसिंग) तथा करोल बाग, केशव पुरम, रोहिणी, सिटी-एसपी, सिविल लाइंस, नरेला और शाहदरा (दक्षिण और उत्तर) ज़ोन का डीसी (स्वास्थ्य) भी बनाया गया है।

सतनाम सिंह को निदेशक (कार्मिक प्रथम) बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें करोल बाग, केशवपुरम, रोहिणी, सिटी-एसपी, सिविल लाइंस और नेरल जोन का डीसी (फैक्ट्री लाइसेंसिंग) नियुक्त किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि 22 अधिकारियों को एडीसी (अतिरिक्त उपायुक्त) नियुक्त किया गया है और उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।

हेमंत कुमार फौजदार को एकीकृत एमसीडी का एडीसी (टोल टैक्स) नियुक्त किया गया है। वह दक्षिण, मध्य, पश्चिम, नजफगढ़, शाहदरा (उत्तर और दक्षिण) जोन के लिए एडीसी (भूमि और संपत्ति) भी होंगे।

एकीकृत एमसीडी रविवार से अस्तित्व में आ गई। आईएएस अधिकारी अश्विनी कुमार निगम के नए विशेष अधिकारी हैं और ज्ञानेश भारती आयुक्त हैं।

एमसीडी को दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री दिवंगत शीला दीक्षित के कार्यालय के दौरान 2012 में तीन हिस्सों में बांट दिया गया था। मगर अब उत्तर, दक्षिण और पू्र्वी दिल्ली नगर निगमों को फिर से एक कर दिया गया है।

दिल्ली नगर निगम (संशोधन) अधिनियम 2022 के तहत इनका एकीकरण किया गया है।

भाषा नोमान उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments