scorecardresearch
Friday, 20 March, 2026
होमदेशओडिशा के गंजाम जिले में स्थित मटिखला गांव सौर ऊर्जा से चलने वाला गांव बना

ओडिशा के गंजाम जिले में स्थित मटिखला गांव सौर ऊर्जा से चलने वाला गांव बना

Text Size:

बरहमपुर, 20 मार्च (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले का एक गांव ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत सौर ऊर्जा आधारित आवासीय बस्ती में तब्दील हो गया है, जहां लगभग पचास प्रतिशत घरों की छतों में सोलर पैनल लगाए गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मटिखला गांव में 450 घरों में से करीब 200 घरों में ‘यूटिलिटी-लेड एग्रीगेशन’ (यूएलए) मॉडल के तहत सौर ऊर्जा पैनज लगाए गए हैं, जिसका उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना और बिजली खर्च कम करना है।

गंजाम के जिलाधिकारी वी कीर्ति वासन और छत्रपुर के विधायक कृष्ण चंद्र नायक ने टाटा पावर सदर्न ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीएसओडीएल) के अधिकारियों की मौजूदगी में इस सौर ऊर्जा आधारित गांव का उद्घाटन किया।

अधिकारियों के अनुसार, योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी के घर पर एक किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाया गया है, जिससे बिजली खर्च में कमी आएगी और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

पिछले साल शुरू किए गए यूएलए मॉडल के तहत लाभार्थियों को पैनल, मीटर और इंस्टॉलेशन की लागत के लिए 5,622 रुपये का योगदान देना होता है। गंजाम जिला प्रशासन ने पात्र परिवारों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की है।

टीपीएसओडीएल परियोजना के क्रियान्वयन की पूरी जिम्मेदारी निभा रही है, जिसमें इंस्टॉलेशन और गुणवत्ता सुनिश्चित करना शामिल है। कंपनी सोलर पैनल पर 25 साल और अन्य उपकरणों पर पांच साल की वारंटी भी दे रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि लाभार्थियों को कम दरों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी और उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना के तहत सोलर सिस्टम अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पंचायत स्तर पर सौर ऊर्जा के विस्तार के लिए संबंधित पक्षों के साथ मिलकर सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

नायक ने कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

भाषा राखी माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments