scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशमथुरा में नौका पलटी: मान ने उप्र के मुख्यमंत्री से बात की, हर संभव सहायता का आश्वासन दिया

मथुरा में नौका पलटी: मान ने उप्र के मुख्यमंत्री से बात की, हर संभव सहायता का आश्वासन दिया

Text Size:

चंडीगढ़, 10 अप्रैल (भाषा) वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में पंजाब के पर्यटकों को ले जा रही एक नाव के पलट जाने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने उत्तर प्रदेश के समकक्ष योगी आदित्यनाथ से बात की। इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मान राहत और बचाव कार्यों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के साथ लगातार संपर्क में हैं।

अधिकांश मृतक लुधियाना के जगराओं कस्बे के निवासी थे।

मान ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज मथुरा के पास यमुना नदी में जगराओं कस्बे (पंजाब) के निवासियों को वृंदावन में दर्शन के लिए ले जा रही एक नाव पलट गई। नाव में 32 लोग सवार थे। मुझे बड़े दुख के साथ आपको सूचित करना पड़ रहा है कि कुछ श्रद्धालुओं की डूबने से मृत्यु हो गई है।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से बात की… पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मैं उत्तर प्रदेश सरकार के संपर्क में हूं…।’’

अधिकारियों ने बताया कि वृंदावन में शुक्रवार दोपहर को यमुना नदी में पर्यटकों से भरी एक नाव पलट गई, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लापता हैं।

उन्होंने बताया कि यह हादसा केसी घाट के पास हुआ, जब दो दर्जन से अधिक पर्यटकों को ले जा रही नाव गहरे पानी में चली गई और एक तैरते हुए पोंटून से टकरा गई।

अधिकारियों ने बताया कि बढ़ते जलस्तर के कारण हाल ही में उस क्षेत्र में एक पोंटून पुल को हटा दिया गया था, लेकिन कुछ पोंटून ड्रम नदी में रह गए थे, जिनमें से एक से नाव टकरा गई।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने पहले छह लोगों की मौत की सूचना दी थी, लेकिन बाद में बचाव दल ने चार और शव बरामद किए, जिससे मृतकों की संख्या 10 हो गई। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की।

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।

बिट्टू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘वृंदावन में जगराओं के श्रद्धालुओं की नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद खबर से मैं बेहद स्तब्ध हूं। आध्यात्मिक यात्रा पर किसी प्रियजन को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और सभी श्रद्धालुओं की कुशलता के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘मैं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और मित्रों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दे और दिवंगत आत्माओं को शाश्वत शांति प्रदान करे।’’

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया।

सैनी ने ‘एक्स’ पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा कि इस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि की खबर बेहद पीड़ादायक है।

सैनी ने कहा, ‘‘…मेरी गहरी संवेदनाएं सभी शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने भी इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया। बादल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं और मैं लापता सभी लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि वृंदावन में हुई इस हृदयविदारक त्रासदी से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर से लापता लोगों की सुरक्षित वापसी और इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।’’

भाषा संतोष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments