scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशहिमाचल प्रदेश के मंडी में भीषण भूस्खलन, नौ घरों को खाली कराया गया

हिमाचल प्रदेश के मंडी में भीषण भूस्खलन, नौ घरों को खाली कराया गया

Text Size:

शिमला, 22 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रोपडू गांव में रविवार को भीषण भूस्खलन के बाद नौ घरों को खाली करने के निर्देश दिए गए।

पिछले तीन दिनों से जारी रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद कोटली उपमंडल में भूस्खलन हुआ। एक गौशाला पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बड़े-बड़े पत्थर और मलबा पहाड़ी पर खतरनाक तरीके से अटके हुए हैं, जिससे नीचे स्थित गांव के लिए गंभीर और तत्काल खतरा बना हुआ है।

अधिकारी और पूर्व प्रधान (गांव के मुखिया) घटनास्थल पर पहुंचे और खतरे में पड़े नौ घरों को खाली करने का निर्देश दिया। भूस्खलन का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया।

गांव के निवासियों ने बताया कि वर्तमान में गांव के ऊपर स्थित स्थान पर पहाड़ी काटने का काम चल रहा है।

इस बीच स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में सोमवार और बृहस्पतिवार को कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने तथा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

इसके अलावा, अगले पांच दिनों में राज्य में बारिश होने का अनुमान जताया गया है, हालांकि रविवार को मौसम शुष्क रहा और लोगों का स्वागत तेज धूप ने किया।

मौसम विभाग ने बताया कि 24, 25, 27 और 28 मार्च को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात होने का अनुमान है और 23 मार्च को भी कुछ स्थानों पर ऐसा हो सकता है। इसका कारण यह है कि 26 मार्च से एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई है और अगले दो से तीन दिनों तक यह वृद्धि जारी रहने की उम्मीद है, जबकि अधिकतम तापमान में अगले चार से पांच दिनों के दौरान धीरे-धीरे दो से पांच डिग्री की वृद्धि होने का अनुमान है।

कुकुमसेरी में सबसे कम तापमान शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई और उना में दिन के दौरान सबसे अधिक 30.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments