scorecardresearch
Friday, 17 May, 2024
होमदेशनिजाम शासनकाल के दस्तावेज वाले मराठवाड़ा के मराठा समुदाय को कुनबी जाति प्रमाणपत्र मिलेगा: मुख्यमंत्री शिंदे

निजाम शासनकाल के दस्तावेज वाले मराठवाड़ा के मराठा समुदाय को कुनबी जाति प्रमाणपत्र मिलेगा: मुख्यमंत्री शिंदे

Text Size:

मुंबई, छह सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने बुधवार को फैसला किया कि मराठवाड़ा क्षेत्र के उन मराठा को कुनबी जाति प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे जिनके पास निजाम शासनकाल के ऐसे राजस्व या शिक्षा दस्तावेज हैं, जो उन्हें कुनबी के रूप में पहचान दिलाते हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह जानकारी दी।

कुनबी (कृषि से जुड़ा समुदाय) को महाराष्ट्र में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के अंतर्गत वर्गीकृत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मराठवाड़ा में मराठा समुदाय से संबंधित लोगों को, जिनके पास निजाम शासन के समय राजस्व और शिक्षा दस्तावेजों में कुनबी होने का उल्लेख है, उन्हें कुनबी प्रमाणपत्र मिलेगा।’’

शिंदे ने कहा कि वह इस मामले में किसी भी मदद के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री से बात करेंगे।

महाराष्ट्र में शामिल होने से पहले मराठवाड़ा क्षेत्र तत्कालीन हैदराबाद साम्राज्य का हिस्सा था।

शिंदे ने कहा कि न्यायाधीश संदीप शिंदे (सेवानिवृत्त) की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय समिति निजाम शासनकाल में कुनबी कहे जाने वाले मराठा समुदाय के सदस्यों को जाति प्रमाणपत्र देने के लिए कानूनी एवं प्रशासनिक ढांचे सहित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का निर्धारण करेगी।

समिति एक महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

जालना जिले में पिछले आठ दिनों से मराठा आरक्षण के लिए भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारी मनोज जारांगे मांग कर रहे हैं कि मराठवाड़ा में मराठा समुदाय को पुराने रिकॉर्ड के आधार पर कुनबी के रूप में मान्यता दी जाए।

जारांगे ने कहा कि वह बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे अपनी भूख हड़ताल जारी रखने के संबंध में फैसले की घोषणा करेंगे।

भाषा शफीक माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments