scorecardresearch
Tuesday, 2 September, 2025
होमदेशमराठा आंदोलन : मुंबई में प्रदर्शनकारियों के वाहनों का प्रवेश रोका गया

मराठा आंदोलन : मुंबई में प्रदर्शनकारियों के वाहनों का प्रवेश रोका गया

Text Size:

मुंबई, दो सितंबर (भाषा) पुलिस ने मराठा आरक्षण आंदोलनकारियों को मुंबई में प्रवेश करने से रोकने के लिए शहर के सभी प्रवेश मार्गों को बंद कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

शहर में सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जरांगे के नेतृत्व में आंदोलन का समर्थन करने के लिए पहले ही हजारों आंदोलनकारी एकत्र हो चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 29 अगस्त को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में मराठा आरक्षण आंदोलन के पहले दिन 60,000 से अधिक प्रदर्शनकारी और 7,000 से अधिक वाहन शहर में दाखिल हुए।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को दक्षिण मुंबई में प्रदर्शनकारियों के लगभग 5,000 वाहन खड़े थे।

दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में आंदोलन में भाग लेने के बजाय प्रदर्शनकारियों को इलाके की सड़कों पर कब्जा करते हुए और आंदोलन की अनुमति देते समय अधिकारियों द्वारा निर्धारित शर्तों का कथित तौर पर उल्लंघन करते हुए देखा गया।

एक अधिकारी ने बताया कि आरक्षण के मुद्दे पर गतिरोध पांचवें दिन भी जारी रहने तथा और अधिक प्रदर्शनकारियों के मुंबई आने की संभावना के मद्देनजर पुलिस ने शहर के सभी प्रवेश मार्गों को बंद कर दिया है।

उन्होंने बताया कि स्थिति का संज्ञान लेते हुए वाशी, ऐरोली, ठाणे और दहिसर सहित मुंबई की ओर जाने वाले सभी प्रवेश मार्गों को मराठा आंदोलनकारियों के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।

देश की आर्थिक राजधानी के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर अवरोधक लगा दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सभी भारी वाहनों को अगले आदेश तक मुंबई के प्रवेश बिंदुओं से पहले रुकने के लिए कहा गया है, जबकि कारों समेत आम जनता के सभी हल्के वाहनों को जांच के बाद शहर में प्रवेश करने की अनुमति दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि शहर में आपातकालीन सेवा वाहनों को प्रवेश की अनुमति है।

दक्षिण मुंबई में हज़ारों मराठा आरक्षण आंदोलनकारी इकट्ठा हो रहे हैं, इसलिए पुलिस कानून-व्यवस्था की किसी भी समस्या से बचने के लिए पर्याप्त सावधानी बरत रही है।

मुंबई उच्च न्यायालय ने मंगलवार को जरांगे और उनके समर्थकों को मंगलवार अपराह्न तीन बजे तक आजाद मैदान खाली करने या कार्रवाई का सामना करने का निर्देश दिया।

इससे पहले, मंगलवार को मुंबई पुलिस ने जरांगे और उनकी टीम को नोटिस जारी कर उन्हें जल्द से जल्द आजाद मैदान खाली करने को कहा।

भाषा

गोला मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments