scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमदेशशिंदे-नीत शिवसेना के कई पार्षद मुंबई में भाजपा का मेयर नहीं चाहते: राउत का दावा

शिंदे-नीत शिवसेना के कई पार्षद मुंबई में भाजपा का मेयर नहीं चाहते: राउत का दावा

Text Size:

मुंबई, 18 जनवरी (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने रविवार को दावा किया कि कई नवनिर्वाचित शिवसेना पार्षद मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का महापौर नहीं चाहते। राउत ने कहा कि ये नवनिर्वाचित पार्षद मूल रूप से उस अविभाजित शिवसेना के सदस्य थे, जिसका गठन बाल ठाकरे ने किया था।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के बाद मुंबई में महापौर पद को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अपने 29 पार्षदों को शहर के एक लग्जरी होटल में स्थानांतरित कर दिया है।

शिवसेना ने कहा कि उसके पार्षदों को तीन दिन की कार्यशाला के लिए एक होटल में ठहराया गया है, जहां शिंदे उन्हें बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के कामकाज के बारे में मार्गदर्शन देंगे।

यह पूछे जाने पर कि क्या पार्षदों की ‘घर वापसी’ होगी, तो राउत ने कहा, ‘‘कई नये पार्षद मूल रूप से (अविभाजित शिवसेना के) शिवसैनिक हैं। हमारी समझ यह है कि हर कोई चाहता है कि भाजपा का महापौर नहीं चुना जाए।’’

राउत ने यह भी दावा किया कि शिंदे भी मुंबई में भाजपा का महापौर नहीं चाहते।

उन्होंने कहा कि अगर पार्षदों को होटल में बंद करके रखा गया है, तो भी संदेश भेजने और पाने के लिए संचार के अलग-अलग साधन होते हैं। शिवसेना (उबाठा) नेता राउत ने कहा कि जिन पार्षदों को बंद करके रखा गया है, उन्हें वहां से छोड़ा जाना चाहिए।

शिवसेना नेता शीतल म्हात्रे ने कहा कि उनकी पार्टी और भाजपा ने महायुति के रूप में चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि 29 में से 20 पार्षद पहली बार चुने गए हैं और उन्हें बीएमसी के कामकाज की जानकारी होना जरूरी है।

म्हात्रे ने कहा, ‘‘हमें होटल राजनीति करने की जरूरत नहीं है। चुने गए पार्षदों ने शिवसेना (उबाठा) उम्मीदवारों को हराया है।’’

उन्होंने इस आरोप को भी खारिज किया कि बीएमसी में पदों की सौदेबाजी के लिए पार्षदों को होटल में रखा गया है।

शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा था कि अगर ‘‘देव’’ चाहें तो उनकी पार्टी का मेयर बन सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि शिंदे की पार्टी अपने सहयोगी भाजपा द्वारा खरीद फरोख्त की कोशिशों से डरी हुई है।

राउत ने कहा, ‘‘उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र निवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे के बीच मेयर पद को लेकर बातचीत हुई है। हम इसे तटस्थ रूप से देख रहे हैं। पर्दे के पीछे बहुत कुछ चल रहा है।’’

हाल ही में हुए नगर निकाय चुनाव में 227-सदस्यीय बीएमसी में भाजपा और शिंदे नीत शिवसेना गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिला। भाजपा ने 89 सीट और शिंदे की शिवसेना ने 29 सीट जीतीं। शिवसेना (उबाठा) को 65 सीट मिलीं, जबकि उसकी सहयोगी मनसे ने छह सीट जीतीं।

भाषा अमित सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments