नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) संसद की एक समिति ने कहा है कि आंगनवाड़ी कर्मियों और कार्यकर्ताओं के काफी पद कम वेतन, मानदेय के कारण रिक्त हो सकते हैं। समिति ने आंगनवाड़ी कर्मियों, कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने की पुरजोर वकालत की।
उल्लेखनीय है कि आंगनवाड़ी कर्मियों, कार्यकर्ताओं के मानदेय अलग-अलग राज्यों में भिन्न होते हैं।
समिति ने आंगनवाड़ी केंद्र के निर्माण में अनुदान को दो लाख रुपये से घटाकर एक लाख रुपये करने का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य अपनी ओर से धन देने में असमर्थ है तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय मूल योजना पर लौटने के लिए वित्त मंत्रालय से आग्रह करने पर विचार कर रहा है।
संसद में पेश लोक लेखा समिति की रिपोर्ट में कहा गया है कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने मानदेय को बढ़ाने की बात दोहरायी। ऐसे में समिति का कहना है कि आंगनवाड़ी कर्मियों, कार्यकर्ताओं के काफी पद कम वेतन, मानदेय के कारण रिक्त हो सकते हैं।
समिति का मानना है कि आंगनवाड़ी कर्मियों, कार्यकर्ताओं की नि:स्वार्थ सेवा को ध्यान में रखते हुए मानदेय बढ़ाया जाना चाहिए।
भाषा दीपक
दीपक नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.