scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

Text Size:

नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू को उनके जन्मदिन पर बधाई दी।

मोदी ने संसदीय कार्यवाही तथा चर्चा के स्तर को ऊपर उठाने में नायडू की भूमिका की प्रशंसा करते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी उपराष्ट्रपति नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए देश की सेवा के लिए समर्पित उनके लंबे जीवन की कामना की।

नायडू शुक्रवार को 73 वर्ष के हो गए। उन्होंने उपराष्ट्रपति का पदभार 11 अगस्त 2017 को संभाला था। उनका कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है।

राष्ट्रपति कोविंद ने नायडू को लिखे पत्र में कहा, ‘‘कृपया आज एक जुलाई, 2022 को अपने जन्मदिन के अवसर पर मेरी शुभकामनाएं एवं बधाई स्वीकार करें। ईश्वर आपको प्रसन्न एवं स्वस्थ रखें और राष्ट्र की सेवा को समर्पित लंबा सार्थक जीवन प्रदान करें।’’

गौरतलब है कि एम वेंकैया नायडू का जन्म एक जुलाई 1949 को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में चावतापालेम में एक किसान परिवार में हुआ था और वह देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने नायडू को फोन कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे माननीय उपराष्ट्रपति श्री वेंकैया नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं। वह दशकों से बेहतरीन तरीके से देश की सेवा कर रहे हैं। वह हमारे नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।’’

मोदी ने कहा कि कृषि, ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण के लिए उनका जुनून सराहनीय है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे पिछले कई वर्षों में एम. वेंकैया नायडू के साथ मिलकर काम करने का अवसर मिला। मैंने हमेशा उनके जोश और साहस की प्रशंसा की है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे उपराष्ट्रपति के रूप में, उन्होंने संसदीय कार्यवाही और चर्चा के स्तर को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी दीर्घायु की कामना करता हूं।’’

प्रधानमंत्री के बधाई संदेश का जवाब देते हुए नायडू ने ट्वीट किया, ‘मैं जन्मदिन की हार्दिक बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आपको धन्यवाद देता हूं। मैं आपके द्वारा फोन किए जाने को लेकर भी आपके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।’

नायडू ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाओं से मैं सचमुच अभिभूत हूं। आपकी शुभकामनाओं के लिए आप सभी का तहे दिल से आभार। आइए हम सभी आज और प्रत्येक दिन भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में काम करें।’

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। बिरला ने ट्वीट कर कहा कि संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने में उनका योगदान अद्वितीय है। उन्होंने नायडू के बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘मैं भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री एम वेंकैया नायडू जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई देता हूं। वेंकैया जी के ज्ञान, हास्य और बुद्धि में कुछ समानताएं हैं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ‘भारत के उपराष्ट्रपति श्री एम वेंकैया नायडू को जन्मदिन की बधाई। देश के उपराष्ट्रपति के रूप में उनका कार्यकाल वास्तव में उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने अपने त्रुटिहीन आचरण और राष्ट्र के प्रति अपनी सेवा के लिए पूरे देश को अपना प्रिय बना लिया है। कामना है कि वह लंबा और स्वस्थ जीवन व्यतीत करें।’

भाषा रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments