scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमदेशमणिपुर युवा कांग्रेस ने आईवाईसी प्रमुख उदय भानु चिब की तत्काल रिहाई की मांग की

मणिपुर युवा कांग्रेस ने आईवाईसी प्रमुख उदय भानु चिब की तत्काल रिहाई की मांग की

Text Size:

इंफाल, 26 फरवरी (भाषा) मणिपुर युवा कांग्रेस ने पिछले सप्ताह नयी दिल्ली में एआई शिखर सम्मेलन के दौरान कमीज उतारकर विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के अध्यक्ष उदय भानु चिब की तत्काल रिहाई की बृहस्पतिवार को मांग की।

भारत मंडपम में 20 फरवरी को ‘‘कमीज उतारकर विरोध प्रदर्शन करने के’’ सिलसिले में अब तक चिब समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मणिपुर युवा कांग्रेस के प्रवक्ता निंगथौजम पोपीलाल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार ने नयी दिल्ली में एआई शिखर सम्मेलन के दौरान शांतिपूर्वक विरोध-प्रदर्शन करने वाले भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं को अकारण हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ कई मामले भी गलत ढंग से दर्ज किए गए हैं।’’

भाजपा का आरोप है कि आईवाईसी ने 108 देशों के सामने भारत को शर्मिंदा किया। इस संदर्भ में पोपीलाल ने दावा किया कि 2010 में जब केंद्र में कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार थी, तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन स्थल पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के सामने विरोध-प्रदर्शन किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने कभी देश नहीं बेचा। यह भाजपा है जो देश को बेच रही है। भारत का आविष्कार बताकर एक चीनी रोबोट पेश किया गया था। युवा कांग्रेस ने उस नौटंकी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम भारतीय युवा कांग्रेस के गिरफ्तार अध्यक्ष की तत्काल रिहाई की भी मांग करते हैं।’’

चिब और आईवाईसी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता भूदेव शर्मा को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। दोनों को बाद में दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया और पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

भाषा सिम्मी माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments