इंफाल, 10 अप्रैल (भाषा) मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को सेनापति जिले के अपने दौरे के दौरान मणिपुर को ‘मिनी इंडिया’ बताया और कहा कि यहां 36 समुदाय इसकी क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने एकता और समावेशी विकास की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने शांति बहाल करने के सरकारी प्रयासों में सहयोग देने के लिए सेनापति, माओ और कांगपोकपी के नगा-बहुसंख्यक जिलों के नागरिक समाज संगठनों की सराहना की।
सिंह ने कहा कि राज्य की राजधानी इंफाल से सेनापति तक की उनकी सड़क यात्रा उनके सहयोग के कारण ही संभव हो पाई।
पहले उन्हें हेलीकॉप्टर से सेनापति जाना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें सड़क मार्ग अपनाना पड़ा।
मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद कांगपोकपी होते हुए सेनापति की यह उनकी पहली यात्रा थी।
सिंह ने कृषि और आर्थिक परिवहन केंद्र सहित कई परियोजनाओं की शुरुआत भी की।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
