नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से अलग-अलग मुलाकात की और राज्य से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। इन मुलाकातों के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री लोसी दिखो और नेमचा किपगेन भी मौजूद थे।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, रक्षा मंत्री के साथ बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री और उनके दो उपमुख्यमंत्रियों ने उनसे मणिपुर के लिए एक प्रादेशिक सेना बटालियन गठित करने का आग्रह किया।
रक्षा मंत्री ने उन्हें राज्य सरकार के किसी भी प्रयास में रक्षा मंत्रालय की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
चार फरवरी को मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद सिंह ने पहली बार रक्षा मंत्री से मुलाकात की।
वित्त मंत्री के साथ अपनी बैठक में, मुख्यमंत्री ने उनसे समावेशी विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राज्य को दी जाने वाली वित्तीय सहायता बढ़ाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने बैठक को रचनात्मक बताते हुए राज्य की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने के लिए सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।
एक अन्य विज्ञप्ति में कहा गया है कि सीतारमण ने मुख्यमंत्री को राज्य की वित्तीय स्थिति और अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया और यह भी भरोसा दिया कि केंद्र आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए सहायता प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने दो उपमुख्यमंत्रियों के साथ भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की और राज्य पार्टी इकाई को मजबूत करने से संबंधित मामलों पर उनसे चर्चा की।
नवीन ने मुख्यमंत्री से आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए राज्य सरकार के प्रयासों में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने इस प्रयास में पार्टी की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष से भी मुलाकात की।
भाषा प्रशांत सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
