नयी दिल्ली, 21 दिसंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मणिपुर के नोनी जिले में एक स्कूल बस दुर्घटना में छात्रों की मौत पर बुधवार को दुख जताया और प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
इस हादसे में सात छात्रों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट के मुताबिक मोदी ने कहा, ‘‘मणिपुर के नोनी जिले में एक दुखद बस दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि मणिपुर सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
पीएमओ के मुताबिक, बस दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
यह हादसा मणिपुर की राजधानी इंफाल से करीब 55 किलोमीटर दूर पहाड़ी जिले के लोंगसाई इलाके के पास ओल्ड कछार रोड पर हुआ।
दुर्घटनास्थल से निकाले जाने के बाद घायल विद्यार्थियों का इंफाल के कुछ अस्पतालों में इलाज हो रहा है।
भाषा ब्रजेन्द्र
ब्रजेन्द्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
