scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशदिल्ली के सीमापुरी में कैंची से गोदकर व्यक्ति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के सीमापुरी में कैंची से गोदकर व्यक्ति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद 26 वर्षीय एक युवक की कैंची से गोदकर हत्या कर दी गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आठ मार्च को नयी सीमापुरी में हुए झगड़े की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

अधिकारी ने कहा, ‘पूछताछ के दौरान टीम ने पाया कि आरोपी जावेद उर्फ गुंडा (28) की पैसों के विवाद को लेकर रकीबुल (26) और आमिर (27) के साथ तीखी बहस हुई थी।’

इस दौरान जावेद ने दोनों पर कैंची से हमला कर दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां रकीबुल की जान बच गई जबकि आमिर की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई जिसने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में आरोपी हमले के बाद इलाके में घूमता हुआ दिखाई दे रहा था।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी विश्लेषण की मदद से न्यू सीमापुरी के एक झुग्गी बस्ती इलाके से जावेद को पकड़ लिया गया और अपराध में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक, जावेद पढ़ा लिखा नहीं है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी सीमापुरी थाने में दर्ज कम से कम दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments