नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के निहाल विहार इलाके में दो लोगों से हुए झगड़े के दौरान 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पहचान निहाल विहार निवासी नारायण वर्मा के रूप में हुई है, जिन्हें दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘जांच के दौरान पता चला कि वर्मा का 16 अप्रैल को रात करीब 11 बजे वीर बाजार चौक के पास दो लोगों से झगड़ा हुआ था।’
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान शरीर पर चोट के कोई भी स्पष्ट बाहरी निशान नहीं पाए गए।
हालांकि, मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान दर्ज बयानों के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत 17 अप्रैल को निहाल विहार थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में भगत सिंह(45) और बाबू सिंह (22) को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.