पटना, 16 फरवरी (भाषा) पटना शहर के बाहरी इलाके में बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाने की कोशिश कर रहे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की मौजूदगी में एक दुकानदार ने आत्मदाह करने की कोशिश की। जिलाधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक यह घटना गुलजारबाग इलाके में हुई जहां रेलवे ने अतिक्रमण हटाने के लिए मदद मांगी थी।
जिलाधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘स्थानीय प्रशासन और थाना के अधिकारी अतिक्रमणकारियों को हटाने वाले आरपीएफ कर्मियों के साथ गए थे जिसका कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध किया और उनमें से एक, पास की अपनी दुकान में घुस गया और पेंट एवं थिनर डालकर खुद पर आग लगा ली।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आग पर तुरंत काबू पा लिया गया लेकिन वह व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है और उसे अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर है। आगे की जांच जारी है।’’
पुलिस अधीक्षक (सिटी) अमित रंजन ने कहा, ‘‘आग बुझाने की कोशिश के दौरान कुछ सुरक्षाकर्मी और एक स्थानीय व्यक्ति भी झुलस गए ।’’
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने भी अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन से मदद की मांग की पुष्टि की है।
भाषा अनवर रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
