हैलाकांडी (असम), एक जुलाई (भाषा) पिछले महीने राजस्थान के उदयपुर में हुई एक दर्जी की नृशंस हत्या का समर्थन करने के आरोप में असम के हैलाकांडी जिले में एक व्यक्ति को गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी।
जिले के कतलीचेरा क्षेत्र निवासी समसुल लस्कर को सोशल मीडिया पोस्ट पर की गई टिप्पणी में दर्जी की हत्या का कथित तौर पर समर्थन करने के बाद गिरफ्तार किया गया। हैलाकांडी के भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष मिलन दास ने उसके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने कहा कि दास ने अपनी शिकायत में लस्कर पर अबू चौधरी नाम के एक व्यक्ति के पोस्ट पर टिप्पणी करने का आरोप लगाया, जिसने कन्हैयालाल की हत्या में शामिल दोषियों के लिए मौत की सजा की मांग की थी।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को लस्कर को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता तथा यूएपीए की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
