नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक डिजिटल भुगतान मंच का कर्मी बनकर पूर्वी दिल्ली के दुकानदारों के साथ ठगी करने के आरोप में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी ने दुकानों पर भुगतान की जानकारी देने वाले ‘साउंड बॉक्स’ की जांच करने के बहाने दुकानदारों को ठगा।
उत्तर प्रदेश के मुरादनगर निवासी सनी कुमार को तकनीकी और वित्तीय जांच के बाद बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह मामला आठ अप्रैल को न्यू अशोक नगर निवासी ऋषिपाल सिंह द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद सामने आया।
सिंह ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति डिजिटल भुगतान सेवा प्रदाता का प्रतिनिधि बनकर उनकी दुकान पर आया और खराब ‘भुगतान साउंड बॉक्स’ की जांच करने की पेशकश की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता का विश्वास जीता और उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसने सिम कार्ड निकाल लिया और उसका इस्तेमाल अनधिकृत रूप से पैसे निकालने के लिए किया तथा पीड़ित के बैंक खातों से 13,500 रुपये निकाल लिए।’
पुलिस की एक टीम ने बैंक लेनदेन का विश्लेषण किया और पाया कि धोखाधड़ी से हासिल राशि एक बैंक खाते में स्थानांतरित कर दी गई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘केवाईसी (अपने ग्राहक को जाने) विवरणों की जांच और तकनीकी निगरानी से आरोपी की पहचान करने में मदद मिली और आरोपी को बाद में मुरादनगर से गिरफ्तार कर लिया गया।’
पूछताछ के दौरान पता चला कि कुमार पहले एक डिजिटल भुगतान कंपनी में काम कर चुका था।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.