scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशव्यक्ति और उसके पिता को कथित तौर पर निर्वस्त्र करके घुमाया गया; तीन व्यक्ति गिरफ्तार

व्यक्ति और उसके पिता को कथित तौर पर निर्वस्त्र करके घुमाया गया; तीन व्यक्ति गिरफ्तार

Text Size:

कोलकाता, 26 अक्टूबर (भाषा) कोलकाता के बेहाला इलाके में एक युवती के साथ प्रेम संबंध को लेकर एक युवक और उसके पिता को कथित तौर पर निर्वस्त्र करके सड़क पर घुमाने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इस घटना से इलाके में लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो गया।

अधिकारी ने बताया कि कथित घटना रविवार को सरसुना थाने के अंतर्गत बसुंधरा पार्क इलाके में हुई। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन लोगों में युवती के पिता और मामा शामिल हैं।

अधिकारी ने कहा, “युवती के परिजनों ने दोनों को कथित तौर पर एक साथ पकड़ लिया था और बाद में युवक को एक घर में बंधक बना लिया। युवती के पिता और मामा ने युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट की।”

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इसके बाद युवक के पिता को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारी के मुताबिक, “इसके बाद युवती के परिजनों ने युवक के पिता को कथित तौर पर एक हथियार थमाया और धमकी दी कि या तो वह अपने बेटे को मार दें या फिर निर्वस्त्र होकर सड़कों पर घूमें।”

उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों को कथित तौर पर निर्वस्त्र करके सार्वजनिक रूप से घुमाया गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारी जांच में यह भी पता चला कि युवक के एक दोस्त के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई और उसे भी इसी तरह अपमानित किया गया।’’

घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। हालांकि, ‘पीटीआई’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।

अधिकारी ने बताया, ‘‘वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने युवती के घर में कथित तौर पर तोड़फोड़ करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले युवती के परिवार के कुछ सदस्य फरार हो गए थे। अधिकारी ने कहा, ‘‘युवती के मामा को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।’’

भाषा अमित वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments