scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशममता बनर्जी ने माकपा के बुद्धदेव भट्टाचार्य की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

ममता बनर्जी ने माकपा के बुद्धदेव भट्टाचार्य की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

Text Size:

कोलकाता, एक मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

भट्टाचार्य भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के एक दिग्गज नेता थे। उन्होंने लगातार दो कार्यकाल (2000-2011) तक राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और उन्हें व्यापक रूप से ‘बंगाली भद्रलोक’ का प्रतीक माना जाता था।

बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।’

उन्होंने 2011 तक वाम मोर्चा सरकार का नेतृत्व किया, जब बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस की जीत का नेतृत्व करते हुए राज्य में 34 साल के वाम शासन का अंत किया।

बनर्जी और भट्टाचार्य के बीच एक लंबा और अक्सर टकराव भरा राजनीतिक संबंध रहा, क्योंकि वे पश्चिम बंगाल की राजनीति में विरोधी वैचारिक खेमों का प्रतिनिधित्व करते थे।

ये दोनों नेता सिंगूर और नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण जैसे मुद्दों पर तीव्र राजनीतिक टकराव में सबसे आगे थे, जिसने राज्य के राजनीतिक परिदृश्य को काफी हद तक बदल दिया।

उनकी तीव्र राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद बनर्जी ने कई मौकों पर भट्टाचार्य की व्यक्तिगत ईमानदारी और सादगी को स्वीकार किया था।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि यद्यपि उनके बीच गहरे मतभेद थे, फिर भी दोनों नेताओं के बीच काफी हद तक आपसी सम्मान बना रहा।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में भट्टाचार्य का कार्यकाल राज्य के औद्योगीकरण के प्रयासों से चिह्नित था, हालांकि उनकी सरकार को भूमि अधिग्रहण नीतियों को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा।

भाषा तान्या गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments