scorecardresearch
Wednesday, 3 June, 2026
होमदेशमालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक की तलाश में जुटी पुलिस, फ्लोरिश स्टेज़ के सह-मालिक के घर पहुंची टीम

मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक की तलाश में जुटी पुलिस, फ्लोरिश स्टेज़ के सह-मालिक के घर पहुंची टीम

वहीं मालवीय नगर से भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया जाएगा, उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा.

Text Size:

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार सुबह एक बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत के बाद दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक की तलाश तेज कर दी है. प्रारंभिक जांच में भवन और अग्नि सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन सामने आने के बाद पुलिस की एक टीम होटल फ्लोरिश स्टेज़ के सह-मालिक लवकेश बजाज के घर भी पहुंची.

पुलिस होटल में आग लगने के कारणों के साथ-साथ अग्नि सुरक्षा मानकों, भवन संबंधी मंजूरियों और आपातकालीन निकासी व्यवस्था में संभावित लापरवाही की जांच कर रही है. होटल मालिक की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं और राजधानी के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की जा रही है.

अधिकारियों के अनुसार, जिस होटल में आग लगी, उसे बी एंड बी योजना के तहत केवल छह कमरे चलाने की अनुमति थी, लेकिन मालिक ने कथित तौर पर परिसर में 25 कमरे बना रखे थे. वहीं, करीब 100 मीटर दूर स्थित ग्रीन रेजिडेंसी होटल को भी केवल छह कमरों की अनुमति थी, जबकि वहां कथित तौर पर 28 कमरे संचालित किए जा रहे थे.

दिल्ली फायर सर्विस की शुरुआती जांच के मुताबिक आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर सीढ़ियों के पास रखे किसी सामान से हुई हो सकती है. इसके बाद आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई. अधिकारियों ने कहा कि आग लगने की असली वजह और वहां रखे सामान की प्रकृति का पता फोरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा.

सूत्रों के मुताबिक भवन की सभी खिड़कियां कथित तौर पर बंद और सील थीं, जिससे आग बढ़ने के बाद अंदर फंसे लोगों के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा. बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मियों को परिसर में एलपीजी सिलेंडर भी मिले, हालांकि शुरुआती जांच में आग की शुरुआत सीढ़ियों के पास रखे सामान से होने की बात सामने आई है.

हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक जांच समेत विस्तृत जांच जारी है.

दिल्ली फायर सर्विस के पूर्व निदेशक अतुल गर्ग ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह इलाका काफी संकरा और घनी आबादी वाला है, जहां दमकल गाड़ियों की आवाजाही मुश्किल है. उन्होंने कहा कि पानी का पर्याप्त स्रोत नहीं था और अतिक्रमण के कारण आग बुझाने में दिक्कत आई. कई मकानों में केवल एक ही सीढ़ी है. धुएं की मात्रा बहुत ज्यादा थी, जिससे लोगों को बाहर निकलने का समय नहीं मिला. उनका कहना था कि होटल के पास एनओसी नहीं थी और संभवतः पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम भी नहीं थे.

वहीं मालवीय नगर से भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया जाएगा, उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले अन्य बी एंड बी, होटल और गेस्ट हाउस भी सील किए जाएंगे.

share & View comments