scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशमाली आरक्षण आंदोलन: पायलट ने संतोषजनक हल निकालने की मांग की

माली आरक्षण आंदोलन: पायलट ने संतोषजनक हल निकालने की मांग की

Text Size:

जयपुर, 29 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के भरतपुर में पृथक 12 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर माली समाज के आंदोलन के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार को संवैधानिक व्यवस्थाओं के अनुरूप इस मामले का संतोषजनक हल निकालना चाहिए।

सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में पृथक 12 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर माली समुदाय के लोगों ने भरतपुर में जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को नौ दिन से अवरुद्ध कर रखा है।

इस आंदोलन के दौरान एक व्‍यक्ति ने कथित तौर पर आरक्षण के मुद्दे को लेकर विरोध स्थल के पास एक पेड़ से फांसी लगा ली थी।

पायलट ने इस मामले में ट्वीट किया, ‘‘बीते कुछ दिनों से आरक्षण की मांग को लेकर सैनी, माली, कुशवाह, शाक्य एवं मौर्य समाज के लोग संघर्षरत हैं।’

उन्‍होंने लिखा, ‘मेरा राज्य सरकार से आग्रह है कि इन समाजों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास के हित को देखते हुए संवैधानिक व्यवस्थाओं के अनुरूप जल्द इस मामले का संतोषजनक हल निकालें। सरकार को कोई संतोषजनक समाधान निकालना चाहिए।’

सैनी, माली, कुशवाहा, शाक्य और मौर्य एक ही माली समुदाय के हैं। ओबीसी श्रेणी में आने वाले माली समुदाय के लोग पृथक 12 प्रतिशत आरक्षण, की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी स्वयं माली समुदाय से हैं।

समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में जयपुर में गहलोत से मुलाकात की, जहां मुख्यमंत्री ने उन्हें ओबीसी आयोग द्वारा सर्वेक्षण कराने का आश्वासन दिया।

हालांकि, समुदाय के सदस्यों ने कहा कि सर्वेक्षण शुरू होने पर वे आंदोलन समाप्त कर देंगे। उधर, मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले मोहन सिंह का शव परिजनों को नहीं सौंपा गया है। शव का पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड से कराया गया।

सूत्रों ने कहा कि प्रशासन के अधिकारी यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि शव को श्मशान भूमि के बजाय आंदोलन स्थल पर न ले जाया जाए, इसलिए परिवार के सदस्यों के साथ बैठक की गई। शनिवार शाम तक परिजन शव म‍िलने का इंतजार कर रहे थे।

भाषा पृथ्‍वी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments