scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशमहुआ मोइत्रा ने डब्ल्यूएफआई प्रमुख के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया

महुआ मोइत्रा ने डब्ल्यूएफआई प्रमुख के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया

Text Size:

कोलकाता, 20 जनवरी (भाषा) तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को हटाने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों का शुक्रवार को समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को इस मुद्दे का ‘यथाशीघ्र’ समाधान तलाशना चाहिए।

सिंह पर यौन उत्पीड़न करने और धमकी देने का आरोप है। देश के कई शीर्ष पहलवानों ने उन्हें तत्काल नहीं हटाए जाने पर अपना विरोध प्रदर्शन तेज करने और उनके खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराने का संकल्प लिया है। उनका दावा है कि ‘‘सरकार की ओर से उनकी मांगों पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया जबकि उन्हें संतोषजनक कार्रवाई का भरोसा दिया गया था।’’

पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के पलाशिपारा में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मोइत्रा ने कहा, ‘‘जो भी हुआ, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। भारतीय पहलवान डब्ल्यूएफआई के मौजूदा अध्यक्ष जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छह बार के सांसद हैं, के खिलाफ आरोप सामने आने के बाद धरने पर बैठे हैं।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘खेलो इंडिया खेलो’ की बात करते हैं, लेकिन भाजपा नीत केंद्र सरकार मनमानी और असहयोगात्मक रवैये के आरोप से घिरे डब्ल्यूएफआई प्रमुख के खिलाफ कोई कदम नहीं उठा रही है।

लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘ इन आरोपों के बावजूद सिंह ने इस्तीफा नहीं देने का फैसला किया है और भाजपा सरकार उन पर इस्तीफे का दबाव भी नहीं बना रही है… हम पहलवान बिरादरी को लेकर दुखी हैं। खेल मंत्री और प्रधानमंत्री को यथाशीघ्र इसका समाधान तलाशना चाहिए।’’

गौरतलब है कि ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक, विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट सहित कई अन्य पहलवान सिंह के खिलाफ गत दो दिन से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं।

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments