मुंबई, 31 मई (भाषा) महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के प्रभादेवी इलाके में एक राष्ट्रीय समाचार चैनल के वीडियो पत्रकार पर हमला करने के सिलसिले में शनिवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पत्रकार अनिल शिंदे दोपहर में लोअर परेल स्थित अपने कार्यालय जा रहे थे, तभी यह घटना हुई।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘जब अनिल पैदल जा रहे थे, तभी एक मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति ने एक डंडे से शिंदे के सिर पर वार किया। इसके बाद, आरोपी अपने तीन साथियों के साथ वापस आया और शिंदे की पिटाई की।’’
अधिकारी ने बताया कि शिंदे द्वारा पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना देने के बाद एन एम जोशी मार्ग पुलिस थाने से एक टीम मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले गई।
उन्होंने कहा, ‘‘घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना की विस्तृत जांच जारी है।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.