ठाणे, 10 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र में कांग्रेस ने राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने की निंदा करते हुए सोमवार को एक प्रस्ताव पारित किया और दावा किया कि उन्हें निशाना बनाया गया, क्योंकि उन्होंने उद्योगपति गौतम अडाणी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच के रिश्तों पर सवाल किया था।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ठाणे में हुई बैठक में राहुल गांधी के प्रति समर्थन जताते हुए यह प्रस्ताव पारित किया गया।
प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘कांग्रेस राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्हें लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराया गया, क्योंकि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और अडाणी के साथ रिश्तों पर सवाल किए और 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश को लेकर भी प्रश्न किए थे।’’
केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा वर्ष 2019 के मानहानि के एक मामले में सजा सुनाये जाने के मद्देनजर पिछले दिनों लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहरा दिया गया था।
उल्लेखनीय है कि सूरत की एक अदालत ने ‘‘मोदी उपनाम’’ संबंधी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि के एक मामले में उन्हें दोषी ठहराया था तथा दो साल के कारावास की सजा सुनाई थी।
भाषा हक
हक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
