scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र: पालघर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट में दो लोगों की मौत, चार घायल

महाराष्ट्र: पालघर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट में दो लोगों की मौत, चार घायल

Text Size:

पालघर, 21 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में मंगलवार को पटाखा फैक्टरी में विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना रविवार को तमिलनाडु में एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के ठीक बाद हुई है, जिसमें 23 लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए।

निगम आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि वाडा तालुका के कोंसाई गांव में एक पुराने फार्महाउस में टिन के शेड में पटाखा निर्माण इकाई में दोपहर करीब 12 बजे विस्फोट हुआ। उन्होंने बताया कि उस समय लगभग 35 श्रमिक पटाखे बनाने में लगे हुए थे। इनमें ज्यादातर महिलाएं थीं।

वाडा थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘यह घटना उस समय हुई जब रसायनों को मिलाने की प्रक्रिया चल रही थी। इस घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और एक महिला 90 प्रतिशत तक झुलस गई।’’

अधिकारी ने बताया कि बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें वाडा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। उनमें से कुछ को बाद में बेहतर इलाज के लिए भिवंडी उप-जिला अस्पताल और एक अन्य चिकित्सा केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया।

अधिकारी ने बताया, ‘‘बचाव अभियान के लिए दमकल सेवाएं और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गईं। विस्फोट के बाद लगी आग पर दमकल कर्मियों ने तुरंत काबू पा लिया।’’

अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान भवेश दिलीप वावरे (35) और मोनिका सचिन पडवाले (30) के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या पटाखा के पास आवश्यक लाइसेंस थे और क्या उसने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया था।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments