scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशई-चालान के खिलाफ आंदोलन करेंगे महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्टर, अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

ई-चालान के खिलाफ आंदोलन करेंगे महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्टर, अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

Text Size:

मुंबई, पांच मार्च (भाषा) महाराष्ट्र में अनेक ट्रांसपोर्टर ने ई-चालान और अन्य समस्याओं के विरोध में बृहस्पतिवार से राज्यव्यापी ‘‘चक्का जाम’’ का एलान किया तथा आधी रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का फैसला लिया है।

महाराष्ट्र परिवहन आयुक्त के कार्यालय में बुधवार शाम हुई वार्ता के अंतिम दौर में भी कोई खास निष्कर्ष नहीं निकलने के बाद ‘महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट एक्शन कमेटी’ (एम-टीएसी) ने कहा कि वह हड़ताल पर जाने का निर्णय लेगी।

एम-टीएसी के प्रतिनिधियों के अनुसार, ट्रांसपोर्टर मुंबई के आजाद मैदान में और राज्य के अन्य हिस्सों में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसके बाद वह रात से हड़ताल पर रहेंगे।

एम-टीएसी ने कहा कि अनिश्चितकालीन आंदोलन के दौरान स्कूल बसें, अनुबंध पर चलने वाली बसें, निजी बसें और ट्रक, टेम्पो, टैक्सी तथा टैंकर सहित वाणिज्यिक वाहन नहीं चलेंगे। ट्रांसपोर्टर ने विरोध स्थलों पर अपने वाहन लाने की भी धमकी दी है।

‘स्कूल बस ओनर्स एसोसिएशन’ के पदाधिकारी अनिल गर्ग ने बुधवार को कहा था कि अगर अनिश्चितकालीन हड़ताल होती है तो शुक्रवार से राज्य भर में स्कूल बसें नहीं चलेंगी, हालांकि बृहस्पतिवार को उनकी सेवाएं प्रभावित नहीं रहेंगी।

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने भी इस सप्ताह की शुरुआत में यहां महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) मुख्यालय में ट्रांसपोर्टर के साथ एक बैठक की थी, लेकिन एम-टीएसी ने कहा कि सरकार की ओर से ‘‘खोखले आश्वासनों’’ के कारण बातचीत में कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला।

सरनाइक ने ट्रांसपोर्टर से अपना आंदोलन वापस लेने की अपील करते हुए कहा था कि सरकार खड़ी गाड़ियों को जारी किए गए ‘‘अन्यायपूर्ण’’ ई-चालान को रद्द करने के बारे में सकारात्मक है और इस मामले पर अनुकूल निर्णय लेगी।

एम-टीएसी ने कहा कि यह आंदोलन इलेक्ट्रॉनिक यातायात प्रवर्तन की ‘‘मनमानी’’ कार्रवाई तथा परिवहन क्षेत्र पर बढ़ते वित्तीय बोझ के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है।

भाषा यासिर वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments