scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र: अप्पासाहेब धर्माधिकारी के नाम पर फर्जी पत्र साझा करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

महाराष्ट्र: अप्पासाहेब धर्माधिकारी के नाम पर फर्जी पत्र साझा करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Text Size:

ठाणे/अलीबाग, 25 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित अप्पासाहेब धर्माधिकारी के नाम से एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में 24 वर्ष के एक व्यक्ति को पुणे शहर से गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पत्र में कथित तौर पर कहा गया था कि धर्माधिकारी हाल ही में नवी मुंबई के खारघर में एक समारोह में उन्हें दिए गए राज्य पुरस्कार को वापस कर देंगे, जिसमें लू लगने से 14 लोगों की जान चली गई थी।

फर्जी पत्र के बारे में धर्माधिकारी के सचिव संदीप पाटिल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर रायगढ़ पुलिस ने रेवदंडा पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की थी।

रायगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि पुणे से वाणिज्य में स्नातक कर चुके शुभम काले के खिलाफ मानहानि एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘काले को फर्जी पत्र पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसे सोमवार को अलीबाग की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मंगलवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने काले को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।’’

इस बीच, रायगढ़ के रेजिडेंट डिप्टी कलेक्टर पद्मश्री बैनाडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि खारघर में आयोजित कार्यक्रम के बाद लू लगने से मरने वाले 14 लोगों में से प्रत्येक के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है, जैसा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पहले ही घोषणा की थी।

अधिकारी ने कहा कि घटना के बाद बीमार पड़ने वालों के लिए मुआवजे की राशि का भुगतान सीधे उन अस्पतालों को किया जाएगा, जहां उनका इलाज हुआ था।

राज्य की एक अंधविश्वास रोधी संस्था ने रायगढ़ के जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर खारघर की घटना में गैर इरादतन हत्या का एक मामला दर्ज करने और किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश द्वारा जांच की मांग की है।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments