scorecardresearch
Wednesday, 10 September, 2025
होमदेशमहाराष्ट्र: गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में नौ लोग डूबे, 12 लापता

महाराष्ट्र: गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में नौ लोग डूबे, 12 लापता

Text Size:

मुंबई, सात सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र में भगवान गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन से संबंधित विभिन्न घटनाओं में कम से कम नौ लोग डूब गए और 12 अन्य लापता हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ये घटनाएं ठाणे, पुणे, नांदेड़, नासिक, जलगांव, वाशिम, पालघर और अमरावती जिलों में हुईं।

एक अधिकारी ने बताया कि पुणे जिले में तीन अलग-अलग घटनाओं में पांच लोग जलाशयों में बह गए।

पुणे के अधिकारी ने बताया, ‘‘वाकी खुर्द में भामा नदी में दो और शेल पिंपलगांव में एक व्यक्ति बह गया। जिले के ग्रामीण इलाके बिरवाड़ी में एक और व्यक्ति फिसल कर कुएं में गिर गया। खेड़ में 45 वर्षीय एक व्यक्ति बह गया।’’

उन्होंने बताया कि तीन लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

वहीं, नांदेड़ जिले के गंदेगांव में एक नदी में तीन लोग बह गए, जिनमें से एक को कुछ देर बाद बचा लिया गया। एक स्थानीय अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नांदेड़ पुलिस ने बताया कि अन्य दो की तलाश जारी है।

नासिक जिले के सिन्नर और कलवान इलाकों में भी ऐसी ही घटनाएं हुईं।

अधिकारी ने बताया, ‘‘नासिक में पांच लोग बह गए। दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है।’’

उन्होंने बताया कि जलगांव में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग बह गए।

ठाणे के शाहपुर तालुका के मुंडेवाड़ी निवासी तीन लोग एक बांध के पास भार्गवी नदी की तेज धाराओं में बह गए।

शाहपुर के तहसीलदार परमेश्वर कासुले ने बताया कि वे गणपति की प्रतिमा का विसर्जन करके लौट रहे थे।

उन्होंने मृतकों की पहचान दत्ता लोटे, प्रतीप मुंडे और कुलदीप जकारे के रूप में की।

पालघर जिले में गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक खाड़ी में बह गए तीन लोगों को समुद्री अधिकारियों की त्वरित सूचना के बाद नाव की मदद से बचा लिया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे विरार (पश्चिम) के नारंगी जेट्टी पर हुई।

एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि वाशिम जिले में दो लोग डूब गए, जिनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, अमरावती में एक व्यक्ति डूब गया। आपदा प्रबंधन दल ने उसका शव बरामद कर लिया है।

मुंबई शहर में, जहां विसर्जन यात्रा कई घंटों की होती है, करंट लगने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना रविवार सुबह साकीनाका इलाके के खैरानी रोड पर हुई जब एक गणेश प्रतिमा बिजली के तार के संपर्क में आ गई।

अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश के बीच, राज्य आपदा मोचन दल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवानों को तैनात किया गया है।

पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो किशोर एक नाले में गिरकर डूब गए।

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात गटखेड़ा गांव में एक नाले में गिरने के बाद लड़के डूब गए।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments