मुंबई, 19 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले के मनमाड रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मानसिक रूप से अशक्त व्यक्ति एक गैन्ट्री पर चढ़ गया और ‘हाईटेंशन ओवरहेड’ तार से लटक गया। इस घटना के कारण बिजली आपूर्ति रोकनी पड़ी, जिससे ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शुक्रवार दोपहर को हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें एक व्यक्ति स्टेशन की छत पर चढ़ता हुआ दिख रहा है जबकि रेलवे कर्मचारी और वहां मौजूद लोग उसे बचाने के प्रयास करते नजर आ रहे हैं।
बचाव प्रयास की वीडियो क्लिप में साफ नजर आ रहा है कि व्यक्ति गैन्ट्री पर चढ़ा और ऊपर लगे उपकरणों से खतरनाक तरीके से लटक गया जिसे देखकर प्लेटफार्म पर भीड़ जमा हो गई, जबकि पांच से छह लोग उसे नीचे उतारने की कोशिश में उसका पीछा करते दिखे।
पुलिस और रेलवे कर्मचारी व्यक्ति को सुरक्षित नीचे लाए जाने का इंतजार कर रहे थे।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब तीन बजे हुई जब 30 साल का व्यक्ति प्लेटफॉर्म की छत पर और बाद में एक गैन्ट्री पर चढ़ गया।
उन्होंने कहा, ‘‘ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) की बिजली बंद कर दी गई और व्यक्ति को बचाने के लिए तुरंत प्रयास किए गए। इस दौरान एहतियात के तौर पर कुछ ट्रेनों को अन्य प्लेटफार्म पर भेज दिया गया।’’
उन्होंने बताया कि व्यक्ति को सुरक्षित बचाए जाने और स्थिति पर काबू पाने से पहले लगभग 40 मिनट तक अफरा-तफरी की स्थिति रही। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के कारण ट्रेनों का परिचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था।
भाषा सुरभि प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.