scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में करीब 72.96 प्रतिशत मतदान, अमरावती शिक्षक सीट पर सर्वाधिक वोट पड़े

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में करीब 72.96 प्रतिशत मतदान, अमरावती शिक्षक सीट पर सर्वाधिक वोट पड़े

Text Size:

मुंबई, 26 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद की तीन स्नातक और दो शिक्षक सीटों के लिए हुए चुनाव में लगभग 72.96 प्रतिशत मतदान हुआ।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 92.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, छत्रपति संभाजीनगर स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

पुणे संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 85.86 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 64.82 प्रतिशत, पुणे संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 62.76 प्रतिशत और छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 59.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

आंकड़ों के अनुसार, अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत 35,810 मतदाताओं में से 33,034 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं, पुणे संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत 61,940 मतदाताओं में से 53,184 ने मतदान किया।

नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत 2,55,603 मतदाताओं में से 1,65,672 ने वोट डाले। पुणे संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत 3,88,019 मतदाताओं में से कुल 2,43,521 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत 3,26,700 मतदाताओं में से 1,93,134 ने मतदान किया।

इन पांच निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 182 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नागपुर स्नातक, पुणे शिक्षक और पुणे स्नातक सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने चुनाव लड़ा, जबकि अमरावती शिक्षक सीट पर शिवसेना ने अपना उम्मीदवार उतारा।

शिवसेना ने पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ एक निर्दलीय प्रत्याशी का भी समर्थन किया। भाजपा, शिवसेना और राकांपा सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा हैं।

विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) में शामिल कांग्रेस ने नागपुर स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ा।

भाषा गोला वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments