मुंबई, तीन मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के सहकारिता मंत्री अतुल सावे ने शुक्रवार को विधानसभा को बताया कि क्रेडिट सोसायटी में वित्तीय अनियमितताओं को रोकने और पैसे जमा करने वालों को उनका धन वापस मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए विशेषज्ञों की एक समिति गठित की जाएगी।
ध्यानाकर्षण नोटिस के माध्यम से उठाए गए मुद्दे पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि 15 दिनों में सहकारिता क्षेत्र के विशेषज्ञों की एक समिति गठित की जाएगी और वह क्रेडिट सोसायटी की समस्याओं का समाधान करेगी।
यह मुद्दा कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट और अन्य ने उठाया था।
सावे ने कहा कि राज्य सरकार के पास 50 हजार रुपये तक की जमा राशि पर सुरक्षा प्रदान करने का प्रस्ताव है और उसे सभी पक्षकारों के साथ चर्चा के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा।
थोराट ने क्रेडिट सोसायटी के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए समिति गठित करने की मांग की थी।
भाषा अर्पणा दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
